बच्चे का मन टटोलने के लिए रोज पूछें ये 5 सवाल निखरेगी पर्सनैलिटी और बढ़ेगा हौसला
By: Team Aapkisaheli | Posted: 05 Aug, 2026
स्कूल की घंटी बजते ही बच्चे के मन में घर लौटने और अपने दिन भर के अनुभव बांटने की उत्सुकता होती है। इस समय माता-पिता का रवैया बच्चे के मानसिक विकास में बेहद अहम भूमिका निभाता है। बच्चों को हमेशा सलाह या हिदायत की आवश्यकता नहीं होती बल्कि उन्हें एक ऐसे इंसान की तलाश होती है जो बिना किसी पूर्वाग्रह या आलोचना के उनकी बातें ध्यान से सुन सके। जब बच्चों को यह अहसास होता है कि उनके विचारों का सम्मान हो रहा है तो वे अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं और उनमें खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त करने का आत्मविश्वास जागृत होता है।
यदि आप भी अपने बच्चे के साथ रिश्ते को मजबूत और संवाद को प्रभावी बनाना चाहते हैं तो स्कूल से लौटने के बाद उनसे ये 5 सवाल जरूर पूछें:
आज के दिन की सबसे खास बात क्या रही। यह सवाल बच्चे का ध्यान दिन की सकारात्मक घटनाओं की ओर खींचता है जिससे उसमें सकारात्मक सोच का विकास होता है।
आज खेल या पढ़ाई के दौरान सबसे ज्यादा मजा किस बात में आया। इससे आपको बच्चे की पसंद रुचि और उसकी खुशी के कारणों को समझने में आसानी होती है।
क्या आज तुमने किसी की मदद की या किसी ने तुम्हारी सहायता की।यह प्रश्न बच्चे के भीतर सहानुभूति सहयोग और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देता है।आज तुमने कौन सी नई और दिलचस्प बात सीखी। इससे बच्चे में उत्सुकता बढ़ती है और उसमें रोज कुछ नया सीखने की प्रवृत्ति मजबूत होती है।
क्या आज कोई ऐसी बात हुई जिससे तुम परेशान या असहज हुए । यह सवाल बच्चे को अपनी चिंताएं साझा करने का सुरक्षित माहौल देता है जिससे उसे भरोसा होता है कि हर परिस्थिति में परिवार उसके साथ है।
आत्मविश्वास बढ़ाने के अन्य उपयोगी सुझाव
सवालों के अलावा बच्चों के प्रयासों की सराहना करना उन्हें अपनी गलतियों से सीखने की आजादी देना और छोटे-छोटे फैसले खुद लेने का अवसर देना बेहद जरूरी है। जब माता-पिता अपने बच्चों को बिना शर्त स्वीकार करते हैं और उनकी बातें सुनते हैं तो उनका आत्मबल कई गुना बढ़ जाता है।हेमलता शर्मा जयपुर
#बॉलीवुड डीवाज के फेवराइट बने झुमके