शादी में बचे हैं सिर्फ दो महीने जानें कितनी बार कराएं फेशियल और पाएं नेचुरल ब्राइडल ग्लो
By: Team Aapkisaheli | Posted: 18 Sep, 2026
शादी का दिन हर लड़की की जिंदगी का सबसे खास और यादगार लम्हा होता है। इस खास मौके पर हर दुल्हन की ख्वाहिश होती है कि उसका चेहरा बिना भारी मेकअप के भी अंदर से चमकता हुआ दिखे। यही वजह है कि शादी की तारीख तय होते ही कपड़ों और गहनों की खरीदारी के साथ-साथ स्किन केयर की चिंता भी शुरू हो जाती है। हालांकि कई लड़कियां यह सोचकर गलती कर बैठती हैं कि शादी से हफ्ता-दस दिन पहले पार्लर जाने से ब्राइडल ग्लो आ जाएगा। वास्तव में नेचुरल और टिकाऊ निखार रातों-रात नहीं आता इसके लिए कम से कम दो महीने पहले से सही देखभाल की जरूरत होती है।
अगर आपकी शादी में दो महीने का समय बाकी है तो यह अपनी त्वचा को संवारने का सबसे सही वक्त है। इस दो महीने की अवधि में आप हर 15 दिन में एक बार अपनी स्किन टाइप के हिसाब से फेशियल या क्लीनअप करवा सकती हैं। इस तरह शादी के दिन तक कुल चार से पांच फेशियल सेशन में आपकी त्वचा की गहराई से सफाई होगी। डेड स्किन निकलेगी और चेहरे पर एक शानदार नेचुरल निखार आएगा। ध्यान रखें कि आखिरी फेशियल शादी से ठीक एक या दो दिन पहले कराने के बजाय 7 से 10 दिन पहले ही करवा लें। इससे स्किन को आराम मिलता है और किसी भी तरह की हल्की रेडनेस या संवेदनशीलता पूरी तरह ठीक हो जाती है।
शादी से ठीक पहले कोई भी नया केमिकल पील, भारी टैनिंग ट्रीटमेंट या हार्ड स्क्रब आजमाने की भूल न करें। किसी भी नए ब्यूटी ट्रीटमेंट से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। इसके अलावा फेशियल के साथ-साथ देसी नुस्खे भी रंग लाते हैं। आप हफ्ते में एक या दो बार घर पर बेसन हल्दी चंदन और गुलाब जल मिलाकर उबटन लगा सकती हैं, जो त्वचा को बिना नुकसान पहुंचाए निखारता है।
सिर्फ बाहरी ट्रीटमेंट ही नहीं बल्कि आपका खानपान और लाइफस्टाइल भी ब्राइडल ग्लो तय करता है। दिन भर में भरपूर पानी पिएं नारियल पानी और ताजे फलों का जूस डाइट में शामिल करें और रोजाना सात से आठ घंटे की अच्छी नींद लें। रात में सोने से पहले सीटीएम यानी क्लींजिंग टोनिंग और मॉइश्चराइजिंग रूटीन कभी न भूलें। अगर चेहरे पर ज्यादा पिंपल या पिगमेंटेशन की दिक्कत हो तो खुद से एक्सपेरिमेंट करने के बजाय किसी अच्छे डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लें। सही समय पर सही स्किन केयर अपनाकर आप अपने बड़े दिन पर बेहद खूबसूरत और चमकदार नजर आएंगी।
हेमलता शर्मा जयपुर
#पुरुषों की इन 5 खूबियों पर मर-मिटती हैं महिलाएं