घर पर ट्राइ करें लाजवाब और प्रोटीन से भरपूर स्प्राउट कबाब, जमकर होगी तारीफ
By: Team Aapkisaheli | Posted: 26 Jun, 2026
तैयारी का समय: 1 दिन (मूंग अंकुरण के लिए)
बनाने का समय: 20 मिनट
सर्विंग: 2 लोगों के लिए
आवश्यक सामग्री: अंकुरित मूंग (स्प्राउट्स):
1 बड़ी कटोरी
ओट्स:
1 छोटी कटोरी
बेसन:
2 छोटे चम्मच
लहसुन:
3-4 कलियां
हरी मिर्च:
4-5 (बारीक कटी या स्वादानुसार)
प्याज़:
1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
मसाले:
हींग (एक चुटकी),
जीरा (आधा छोटा चम्मच),
हल्दी पाउडर,
लाल मिर्च पाउडर,
धनिया पाउडर,
गरम मसाला और चाट मसाला।
तेल या घी: कबाब सेकने और हथेलियों पर लगाने के लिए
नमक: स्वादानुसार
बनाने की विधि: मिश्रण तैयार करें: सबसे पहले एक मिक्सर जार में अंकुरित मूंग, ओट्स, लहसुन की कलियां, हरी मिर्च, हरा धनिया और बेसन डालें। ध्यान रहे कि इसमें पानी बिल्कुल नहीं डालना है। इसे मिक्सी में रोक-रोक कर दरदरा (coarse) पीस लें।
मसाले मिक्स करें: अब इस तैयार दरदरे मिश्रण को एक बड़े मिक्सिंग बाउल (कटोरे) में निकालें। इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हींग, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चटपटा स्वाद देने के लिए चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। सभी सामग्रियों को हाथों से अच्छी तरह आपस में मिला लें।
कबाब का आकार दें: मिश्रण तैयार होने के बाद, अपनी हथेलियों पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं ताकि मिश्रण चिपके नहीं। अब मिश्रण में से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर उसे अपनी पसंद के अनुसार गोल या ओवल (कटलेट) का आकार देकर कबाब तैयार कर लें।
शैलो फ्राई करें: गैस पर एक नॉन-स्टिक तवा या पैन गरम होने के लिए रखें। तवे पर थोड़ा सा तेल या घी लगाकर चारों तरफ फैलाएं। अब तैयार किए गए कबाब को तवे पर रखें और उन्हें एक ढक्कन से ढक दें।
धीमी आंच पर सेकें: लगभग 5 मिनट के बाद ढक्कन हटाएं और कबाब को सावधानी से दूसरी तरफ पलट दें। कबाब को बिल्कुल धीमी आंच पर तब तक अलट-पलट कर सेकें जब तक कि वे अंदर तक अच्छी तरह पक न जाएं और बाहर से क्रिस्पी (कुरकुरे) और सुनहरे रंग के न हो जाएं। इस पूरी प्रक्रिया में कम से कम 10 से 15 मिनट का समय लगेगा।
सर्व करें: आपके टेस्टी, यम्मी और बेहद सेहतमंद हाई-प्रोटीन मूंग दाल कबाब बनकर पूरी तरह तैयार हैं। इन्हें तवे से उतारें और सॉस या हरी चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।
- श्वेता ईनाणी, फूड ब्लॉगर, उदयपुर
# 5 घरेलू उपचार,पुरूषों के बाल झडना बंद