बाजार जैसी तीखी और मसालेदार मोमोज की लाल चटनी अब घर पर बनाएं
By: Team Aapkisaheli | Posted: 14 Oct, 2026
अगर आप मोमोज खाने के शौकीन हैं तो आप जानते होंगे कि इसका असली मजा तीखी लाल चटनी के बिना अधूरा है। कई बार घर पर मोमोज तो बहुत बढ़िया बन जाते हैं लेकिन चटनी का स्वाद वैसा नहीं आता जैसा बाजार की रेहड़ी या रेस्टोरेंट में मिलता है। आज हम आपको एक बेहद आसान और खास तरीका बताने जा रहे हैं जिससे आपकी मोमोज की चटनी का स्वाद और रंग दोनों बिल्कुल बाजार जैसा बनेगा।
सामग्री की तैयारी
इस चटनी को बनाने के लिए आपको लाल मिर्च लहसुन अदरक नमक थोड़ा सा सिरका और सोया सॉस की जरूरत पड़ेगी। अगर आप चटनी को बहुत ज्यादा तीखी नहीं बनाना चाहते हैं तो तीखी लाल मिर्च के साथ थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च मिला सकते हैं। इससे चटनी का रंग बिना किसी कृत्रिम रंग के बहुत ही सुंदर और गहरा लाल आता है।
बनाने का तरीका
सबसे पहले सूखी लाल मिर्च को अच्छी तरह धोकर गर्म पानी में कुछ समय के लिए भिगो दें। जब मिर्च नरम हो जाए तो उसे मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर पीस लें। ध्यान रखें कि मिर्च का पेस्ट ज्यादा पतला न हो क्योंकि मोमोज की चटनी का असली मजा उसके गाढ़ेपन में ही है।
अब इस पेस्ट में ढेर सारी लहसुन की कलियां थोड़ा सा अदरक नमक सिरका और स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी सी सोया सॉस मिलाएं। इन सभी चीजों को मिक्सर में एक बार फिर से अच्छी तरह पीस लें। सिरका चटनी को हल्का खट्टापन देने के साथ ही इसे लंबे समय तक खराब होने से भी बचाता है।
तड़के से आएगा असली स्वाद
अब चटनी को रेस्टोरेंट जैसा फ्लेवर देने के लिए एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। तेल में बारीक कटी हुई लहसुन डालकर हल्की धीमी आंच पर भूनें। जब लहसुन में हल्का सुनहरा रंग आ जाए तब इसमें तैयार किया हुआ मिर्च का पेस्ट डाल दें। इसे धीमी आंच पर दो से तीन मिनट तक पकाएं। इससे मिर्च का कच्चापन दूर हो जाता है और लहसुन का स्वाद चटनी में पूरी तरह समा जाता है।
सर्व करने का तरीका
पकने के बाद चटनी को गैस से उतारकर पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने पर चटनी और गाढ़ी हो जाती है। इसे आप कांच के जार में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं। गरमा गरम स्टीम्ड या फ्राइड मोमोज के साथ यह चटनी परोसें। इस आसान तरीके से बनी चटनी का स्वाद हर किसी को पसंद आएगा।
हेमलता शर्मा जयपुर
#सावधान! रसोई में रखी ये 5 चीजें, बन सकती है जहर!