बच्चों की नजर आपको सुपर मॉम बना देगा स्पेशल थ्री-इन-वन पनीर पराठा
By: Team Aapkisaheli | Posted: 20 May, 2026
संडे हो या मंडे, बच्चों की फरमाइशें कभी कम नहीं होतीं! खासकर जब गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो चुकी हों, तो घर के नन्हे-मुन्नों के साथ-साथ बड़ों को भी हर वक्त कुछ न कुछ नया, टेस्टी और मजेदार स्नैक्स या हैवी ब्रेकफास्ट चाहिए होता है। लेकिन हर रोज बाहर का जंक फूड खिलाना सेहत के लिए ठीक नहीं।
ऐसे में मम्मी-पापा के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वाद में सुपर-हिट हो और सेहत में सुपरहिट से भी ऊपर यानी न्यूट्रिशियस हो! आपकी इसी मुश्किल का हल है यह स्पेशल थ्री-इन-वन पनीर पराठा। यह सिर्फ एक पराठा नहीं है, बल्कि सेहत और रंगों का एक अनोखा जादू है, जिसे देखते ही बच्चे प्लेट साफ कर जाएंगे।
इसे बनाने के लिए आपको चाहिए: एक फ्रेश बीटरूट (चुकंदर), एक गुच्छा हरी-भरी पालक, भरपूर मात्रा में फ्रेश पनीर, मनपसंद मसाले, गेहूं का आटा, सेंधा नमक, अजवाइन, चिली फ्लेक्स, थोड़ा सा बच्चों का ऑल-टाइम फेवरेट मैगी मसाला, बारीक कटा हरा धनिया, करारेपन के लिए शुद्ध देसी घी और पराठे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए काले व सफेद तिल।
चलिए शुरू करते हैं जादुई तैयारी: सबसे पहले बीटरूट को अच्छे से छीलकर और काटकर मिक्सी में चला लें और एक गाढ़ा, सुर्ख लाल पेस्ट तैयार करके अलग रख लें। इसके बाद, आयरन से भरपूर पालक के पत्तों को धोकर मिक्सी में पीसें और इसका भी एक बढ़िया गाढ़ा हरा पेस्ट बनाकर अलग कटोरी में निकाल लें।
अब बारी है डो (आटा) तैयार करने की। एक बड़ी और चौड़ी परात में गेहूं का आटा निकालें। उसमें थोड़ा सा सेंधा नमक और पाचक अजवाइन डालकर अच्छे से मिला लें। अब इस सूखे आटे को दो बराबर भागों में बांट लें। पहले भाग को हम पानी से नहीं, बल्कि उस सुर्ख लाल बीटरूट के पेस्ट से गूंथेंगे, जिससे हमें मिलेगा एक खूबसूरत गुलाबी-लाल रंग का आटा। वहीं दूसरे भाग को हम पालक की हरी प्यूरी से गूंथकर एक शानदार हरा-भरा डो तैयार कर लेंगे।
अब तैयार करते हैं चटपटी स्टफिंग: एक मिक्सिंग बाउल में फ्रेश पनीर को अच्छे से क्रम्बल (मैश) कर लें। अब इसमें बारीक कटा हरा धनिया, तीखेपन के लिए चिली फ्लेक्स, स्वादानुसार सेंधा नमक और इस पराठे का सीक्रेट इंग्रीडिएंट यानी मैगी मसाला डालें। मैगी मसाला डलते ही इसकी खुशबू इतनी लाजवाब हो जाती है कि बच्चे दौड़े चले आएंगे। इन सबको अच्छे से मिक्स कर लें।
अब आएगा मेकिंग में ट्विस्ट: सबसे पहले पालक वाले हरे आटे की एक लोई लें और उसकी एक बड़ी सी पतली रोटी बेलकर अलग प्लेट में रख दें। अब बीटरूट वाले लाल आटे की लोई लेकर उतनी ही बड़ी एक और रोटी बेलें। अब इस बीटरूट वाली रोटी के ऊपर पनीर की चटपटी स्टफिंग को अच्छे से चारों तरफ फैलाएं। इसके बाद इसके ऊपर कट लगाकर, इसे फोल्ड करते हुए एक लेयर्ड (परतदार) लोई का आकार दें। अब इस स्टफ्ड लोई को हल्के हाथों से दोबारा बेलकर एक बढ़िया पराठा तैयार कर लें।
तवे पर बिखेरे रंग और महक: गर्म तवे पर इस बहुरंगी पराठे को डालें। जैसे ही आप इसे पलटें, इस पर दोनों तरफ से शुद्ध देसी घी लगाएं। पराठे को और भी ज्यादा क्रंची और न्यूट्रिशियस बनाने के लिए सेकते समय इसके ऊपर थोड़े से काले और सफेद तिल छिड़क दें। जब तिल घी के साथ तवे पर चटकेंगे, तो पराठे का लुक किसी फाइव-स्टार होटल की डिश जैसा हो जाएगा। दोनों तरफ से करारा होने तक सेकें।
लो जी, तैयार है आपका गरमा-गरम, क्रिस्पी और रंगों से भरपूर स्पेशल पनीर पराठा! इसे ठंडी-ठंडी गाढ़ी दही या खट्टी-मीठी सॉस के साथ सर्व करें। यकीन मानिए, इस छुट्टियों में यह पराठा आपके घर का सबसे पसंदीदा वेकेशन फूड बनने वाला है!
-श्वेता ईनाणी, फूड ब्लॉगर उदयपुर
#उफ्फ्फ! ऐश ये दिलकश अदाएं...