1 of 1 parts

सैमसंग ने किया गैलेक्सी नोट 20 सीरीज का ग्लोबल लॉन्च

By: Team Aapkisaheli | Posted: 21 Aug, 2020

सैमसंग ने किया गैलेक्सी नोट 20 सीरीज का ग्लोबल लॉन्च
नई दिल्ली। सैमसंग ने शुक्रवार को कहा कि इसकी नई फ्लैगशिप फैबलेट को आधिकारिक तौर पर वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया गया है। महामारी के बीच मोबाइल व्यवसाय के लिए दक्षिण कोरियाई तकनीकी दिग्गज को अपने नए डिवाइस से काफी उम्मीद है। सैमसंग के अनुसार, गैलेक्सी नोट 20 सीरीज को दक्षिण कोरिया, संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन और थाईलैंड सहित 70 देशों में पेश किया गया है।
सैमसंग का यह नया डिवाइस सितंबर के मध्य तक 130 देशों में उपलब्ध होगा।

गैलेक्सी नोट 20 सीरीज का अनावरण पांच अगस्त को गैलेक्सी अनपैक्ड ईवेंट में ऑनलाइन किया गया था, जो कि दो मॉडल में आता है। इसका पहला मॉडल स्टैंडर्ड नोट 20 और दूसरा मॉडल हाई एंड नोट 20 अल्ट्रा है।

योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, महामारी के कारण सैमसंग ने कहा है कि नए डिवाइस के लॉन्चिंग इवेंट्स और प्रमोशनल गतिविधियां हर देश में संक्रमण की स्थिति को देखते हुए अलग-अलग होंगी।

दक्षिण कोरियाई विश्लेषकों ने इस साल नोट 20 सीरीज की बिक्री लगभग 80 लाख यूनिट होने की उम्मीद की है, जो कि नोट 10 सीरीज (लगभग एक करोड़) से कम है।

सैमसंग ने कहा कि भारत में उसके मेक इन इंडिया गैलेक्सी नोट 20 स्मार्टफोन के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन इस साल पांच लाख से अधिक की संख्या को पार कर गया है, जो कि पिछले साल गैलेक्सी नोट 10 के साथ हासिल किए गए आंकड़े से दोगुना है।

देश में 6.7 इंच के गैलेक्सी नोट 20 (आठ जीबी प्लस 256जीबी) को 77,999 रुपये की मूल कीमत पर लॉन्च किया गया है, जबकि 6.9 इंच की स्क्रीन के साथ आने वाले गैलेक्सी नोट 20 अल्ट्रा 5जी (12 जीबी प्लस 256 जीबी) देश में 104,999 रुपये में उपलब्ध होगा।

गैलेक्सी नोट 20 की प्री-बुकिंग करने वाले ग्राहकों को 7,000 रुपये का लाभ मिलेगा, जिन्हें सैमसंग शॉप ऐप पर गैलेक्सी बड्स प्लस, गैलेक्सी बड्स लाइव, गैलेक्सी वॉच और गैलेक्सी टैब्स सहित कई अन्य उत्पादों पर भुनाया जा सकता है।

इसके अलावा एचडीएफसी बैंक क्रेडिट और डेबिट कार्ड से भुगतान करने पर उपभोक्ता गैलेक्सी नोट 20 की खरीद पर 6000 रुपये तक के कैशबैक का लाभ भी उठा सकते हैं।

बैंक कैशबैक और सैमसंग शॉप से मिलने वाले लाभ के साथ, देश में गैलेक्सी नोट 20 अल्ट्रा 5जी की कीमत 85,999 रुपये होगी। (आईएएनएस)

#ब्लैक हैड्स को दूर करने के लिए घरेलू टिप्स


Samsung Galaxy Note 20 series, Samsung, Galaxy Note 20 series

Mixed Bag

News

दीपोत्सव 2026 पर अयोध्या में दिखा राममय माहौल, मालिनी अवस्थी बोलीं- हमारे डीएनए में बसे हैं राम
दीपोत्सव 2026 पर अयोध्या में दिखा राममय माहौल, मालिनी अवस्थी बोलीं- हमारे डीएनए में बसे हैं राम

Ifairer