चेहरे पर देसी घी लगाने से त्वचा निखरती है या बढ़ते हैं पिंपल्स, जानिए स्किन एक्सपर्ट का मत
By: Team Aapkisaheli | Posted: 06 Oct, 2026
खूबसूरत और चमकदार त्वचा पाने के लिए लोग तरह-तरह के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स और घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। इन्हीं पारंपरिक तरीकों में से एक है चेहरे पर देसी घी का इस्तेमाल। हमारी दादी-नानी अक्सर निखार बढ़ाने के लिए चेहरे पर देसी घी लगाने की सलाह देती रही हैं। लेकिन क्या सचमुच चेहरे पर घी लगाना त्वचा के लिए फायदेमंद है या यह स्किन को नुकसान पहुंचा सकता है इस विषय पर स्किन एक्सपर्ट ने बेहद महत्वपूर्ण और हैरान करने वाली जानकारियां साझा की हैं।
शतधौत घृत का सदियों पुराना राज
आयुर्वेद में त्वचा की देखभाल के लिए घी को एक खास और अनोखी प्रक्रिया से तैयार किया जाता है जिसे शतधौत घृत कहा जाता है। इस पारंपरिक तरीके में तांबे के बर्तन में देसी घी डालकर उसे ठंडे पानी के साथ स्पैचुला की मदद से लगातार एक ही दिशा में फेंटा जाता है। पानी बदलकर इस प्रक्रिया को पूरे 100 बार दोहराया जाता है। ऐसा करने से घी का टेक्सचर बिल्कुल किसी हल्की मक्खन जैसी क्रीम में बदल जाता है। प्राचीन काल में इसका उपयोग त्वचा की टैनिंग दूर करने प्राकृतिक रंगत सुधारने और घावों को तेजी से भरने के लिए किया जाता था।
त्वचा के लिए फायदेमंद या नुकसानदायक
आधुनिक स्किन केयर और स्किन एक्सपर्ट्स के अनुसार हर किसी की त्वचा के लिए घी सही साबित नहीं होता। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि शतधौत घृत बनाने के बाद भी इसमें कुछ ऐसे भारी फैटी एसिड्स मौजूद रहते हैं जो त्वचा के छोटे-छोटे रोमछिद्रों यानी पोर्स को बंद कर सकते हैं। यदि आपकी स्किन ऑयली एक्ने-प्रोन या बहुत ज्यादा संवेदनशील है तो चेहरे पर घी लगाने से पिंपल्स मुहांसे रेडनेस और खुजली की समस्या तेजी से बढ़ सकती है।
किस प्रकार की स्किन पर करें इस्तेमाल
अगर आपकी त्वचा अत्यधिक ड्राई है तो आप पूरे चेहरे के बजाय सिर्फ ड्राई पैचेस फटी एड़ियों कोहनी और घुटनों पर थोड़ी मात्रा में घी का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूरे चेहरे पर रोजाना इसका इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इसके अलावा यदि आप घर पर शतधौत घृत तैयार करते हैं तो इसमें कोई प्रिजर्वेटिव न होने के कारण यह बहुत जल्दी खराब हो सकता है। बासी या खराब घी लगाने से चेहरे पर इंफेक्शन का खतरा रहता है।
एक्सपर्ट की खास सलाह
स्किन एक्सपर्ट की सलाह है कि देसी घी कभी भी एक सही और वैज्ञानिक रूप से तैयार मॉइस्चराइजर का विकल्प नहीं बन सकता। अपनी स्किन टाइप को समझे बिना चेहरे पर घी का प्रयोग न करें। किसी भी घरेलू नुस्खे को आजमाने से पहले हमेशा स्किन पर पैच टेस्ट जरूर करें।
हेमलता शर्मा जयपुर
#क्या सचमुच लगती है नजर !