विमेंस एशिया कप : पाकिस्तान के खिलाफ अपना वर्चस्व कायम रखने उतरेंगी भारत की बेटियां, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड

By: Team Aapkisaheli | Posted: 04 , 2026

विमेंस एशिया कप : पाकिस्तान के खिलाफ अपना वर्चस्व कायम रखने उतरेंगी भारत की बेटियां, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड

स्पोर्ट्स डेस्क। दुबई 

विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारत की भिड़ंत शनिवार को पाकिस्तान से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी।  भारतीय टीम के लिए अब तक टूर्नामेंट में सब कुछ सही घटा है। 

थाईलैंड को पहले मैच में हराने के बाद टीम इंडिया ने हांगकांग, चीन को 137 रनों से रौंदा। बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी शानदार फॉर्म में है। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी, जबकि शेफाली ने थाईलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। हालांकि, टीम प्रतिका रावल, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा से भी इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। वहीं, ऋचा घोष टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं। 

हांगकांग के खिलाफ ऋचा को नंबर चार पर प्रमोट किया गया था। हालांकि, वह सिर्फ 11 रन ही बना सकी थीं। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। दीप्ति 2 मैचों में 6 विकेट निकाल चुकी हैं, जबकि नंदनी ने 5 विकेट चटकाए हैं। श्री चरणी और प्रेमा रावत ने गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने विमेंस एशिया कप का आगाज थाईलैंड को 35 रनों से हराकर किया है। 

बल्लेबाजी में मुनीबा अली ने थाईलैंड के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि, उनको छोड़कर टीम की बाकी बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करती नजर आई थीं। गेंदबाजी में सादिया इकबाल ने महज 11 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे, जबकि तुबा हसन भी 2 विकेट निकालने में सफल रही थीं। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। 

इसमें से 14 मुकाबलों में हरमनप्रीत एंड कंपनी ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को 3 मुकाबलों में जीत नसीब हो सकी है। दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत महिला टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां भारतीय टीम ने 64 रनों से जीत दर्ज की थी। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पिच अब तक स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रही है। हालांकि, क्रीज पर सेट होने के बाद बल्लेबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया है। -आईएएनएस

बॉलीवुड सेलिब्रिटीज सफेद रंग के लिबास में

हर मर्द में छिपी होती है ये 5 ख्वाहिशें

ब्लैक हैड्स को दूर करने के लिए घरेलू टिप्स


Mixed Bag

Ifairer