रिश्ते में माफी मांगने के बाद भी पार्टनर का भरोसा न टूटे: अपनाएं ये 5 असरदार तरीके जो रिश्ते में लाएंगे फिर से अपनापन
By: Team Aapkisaheli | Posted: 24 Oct, 2026
किसी भी रिश्ते में गलती होने पर माफी मांगना पहला और सबसे जरूरी कदम होता है लेकिन क्या सिर्फ एक बार सॉरी कह देने से सब कुछ पहले जैसा हो सकता है कई बार लाख कोशिशों और माफी मांगने के बाद भी पार्टनर के मन में डर, शक और नाराजगी बनी रहती है। वो छोटी-छोटी बातों पर सवाल उठाने लगते हैं और खुलकर बात करने से कतराते हैं। ऐसे में अक्सर गलती करने वाले को लगता है कि जब उसने माफी मांग ली है तो बात खत्म हो जानी चाहिए। लेकिन टूटे हुए भरोसे को दोबारा वापस पाने के लिए सिर्फ माफी काफी नहीं होती, इसके लिए सही सूझबूझ और धैर्य की जरूरत होती है।
अगर आपका पार्टनर भी माफी मांगने के बाद आपसे नाराज है और रिश्ता सुधारना चाहते हैं, तो इन 5 बातों का खास ख्याल रखें:
पार्टनर को दें पर्याप्त समय: अगर आपकी किसी हरकत या बात से पार्टनर का भरोसा टूटा है, तो उसे तुरंत सब कुछ भूलकर नॉर्मल होने के लिए मजबूर न करें। उसे अपनी भावनाओं से उबरने और हील होने के लिए समय दें। बार-बार यह पूछने से बचें कि वह अब तक नाराज क्यों है। आपका धैर्य और समझदारी दिखाना उन्हें यह अहसास कराएगा कि आप उनकी परवाह करते हैं।
सिर्फ बातों से नहीं अपने कामों से जीतें भरोसा: माफी जुबान से मांगना आसान है, लेकिन असली बदलाव आपके व्यवहार में दिखना चाहिए। अगर आपने झूठ बोला था, तो अपनी बातों में पारदर्शिता रखें। अगर आपने समय नहीं दिया था तो अब उन्हें प्राथमिकता दें। बार-बार वादे करके उन्हें तोड़ने से बचें। जब आपके शब्द और कर्म एक जैसे होंगे तभी पार्टनर के मन में आपके प्रति विश्वास दोबारा जगेगा।
अपनी गलती को सही न ठहराएं: माफी मांगते समय कभी भी अपनी गलती के पीछे के हालात या पार्टनर को जिम्मेदार न ठहराएं। यह कहना कि मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि तुमने ऐसा किया था स्थिति को और बिगाड़ सकता है। अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लें और यह समझने की कोशिश करें कि आपके बर्ताव से उन्हें कितना दुख पहुंचा है।
पार्टनर की बात को ध्यान से सुनें: भरोसा टूटने के बाद पार्टनर के मन में ढेर सारे सवाल और शिकायतें होना स्वाभाविक है। हो सकता है कि वो बार-बार एक ही बात दोहराएं। ऐसे में उनका बचाव करने या बीच में बात काटने के बजाय उन्हें शांति से सुनें। उनसे पूछें कि उन्हें असल में किस बात का सबसे ज्यादा दुख है और वे आपसे आगे क्या बदलाव चाहते हैं।
लगातार कोशिशें जारी रखें: रिश्ते में विश्वास एक दिन में वापस नहीं लौटता। इसके लिए आपको हर दिन अपने व्यवहार से यह साबित करना होगा कि आप सच में बदलना चाहते हैं। यदि तमाम कोशिशों के बाद भी दूरियां कम नहीं हो रही हैं, तो किसी अच्छे कपल काउंसलर की मदद लेने में भी संकोच न करें। प्यार सच्चाई और लगातार प्रयासों से रिश्ते में फिर से अपनापन लाया जा सकता है।
हेमलता शर्मा जयपुर
#क्या देखा अपने: दिव्यांका त्रिपाठी का ये नया अदांज