प्यार के धागे में इमोशनल जुड़ाव का जादू: जानिए कैसे छोटी आदतें आपके रिश्ते को बना सकती हैं अटूट
By: Team Aapkisaheli | Posted: 02 Sep, 2026
रिश्ते केवल साथ रहने या फिजिकल इंटीमेसी तक सीमित नहीं होते। किसी भी रिश्ते की असली नींव उसमें मौजूद इमोशनल इंटीमेसी यानी भावनात्मक गहराई होती है। जब दो लोग एक-दूसरे के डर असुरक्षाओं और सपनों को बिना किसी झिझक के साझा करने लगते हैं तब रिश्ता हर तूफान को झेलने के लिए मजबूत हो जाता है। अगर आप अपने रिश्ते में वही पुरानी ताजगी और नयापन वापस लाना चाहते हैं तो अपनी रोजमर्रा की आदतों में कुछ छोटे लेकिन असरदार बदलाव करके पार्टनर के दिल में एक खास जगह बना सकते हैं।
रिश्ते में प्यार और भरोसा बढ़ाने के लिए पार्टनर की खुलकर तारीफ करना बहुत जरूरी है। सुबह काम पर निकलने से पहले एक छोटा सा प्यारा मेसेज छोड़ना या उनकी किसी छोटी उपलब्धि की सराहना करना उनके पूरे दिन को खास बना सकता है। इसके अलावा रोजाना कम से कम 15 मिनट का समय सिर्फ बातचीत के लिए निकालें। इस दौरान मोबाइल और टीवी से दूरी बनाकर एक-दूसरे के दिनभर के अनुभवों को सुनें। यह आदत एक-दूसरे की सोच को गहराई से समझने में मदद करती है।
सिर्फ खुशियों में शामिल होना काफी नहीं है बल्कि एक-दूसरे के सपनों और महत्वाकांक्षाओं का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है। जब आप अपने साथी के लक्ष्यों में उनका साथ देते हैं तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और रिश्ते में सम्मान गहरा होता है।इस रिश्ते में एक नया और दिलचस्प तरीका जोड़ा जा सकता है, जिसे 5 मिनट का माइंडफुल हग और नो स्क्रीन टाइम कहा जाता है। रोज रात को सोने से पहले 5 मिनट के लिए स्क्रीन बंद करके सिर्फ एक-दूसरे के पास बैठें और दिनभर का तनाव भूलकर शांत मन से जुड़ें।
इसके साथ ही, नॉन सेक्शुअल फिजिकल टच जैसे चलते समय हाथ थामना कंधा सहलाना या एक प्यार भरा आलिंगन रिश्ते में सुरक्षा और सुकून का एहसास दिलाता है। जब आप बिना किसी जजमेंट के डर के अपने मन की कमजोरियां और डर पार्टनर के सामने रखते हैं तो रिश्ता सच्चाई और अटूट भरोसे की डोर से बंध जाता है।
हेमलता शर्मा जयपुर
#क्या देखा अपने: दीपिका पादुकोण का ग्लैमर अवतार