उमंग टुडेज़ विमेन लेकर आ रहा है राजस्थान की सबसे बड़ी कुकिंग प्रतियोगिता किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान
By: Team Aapkisaheli | Posted: 28 Jun, 2026
जयपुर। राजस्थान की समृद्ध पाक परंपरा, घर-घर में संजोए गए पारंपरिक स्वाद और महिलाओं की अद्भुत पाक-कला को सम्मान देने के उद्देश्य से उमंग टुडेज़ विमेन, नीलम स्टेनलेस स्टील द्वारा प्रस्तुत, राज्य की सबसे बड़ी कुकिंग प्रतियोगिता किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान का आयोजन करने जा रहा है।
महाराष्ट्र में मिली अभूतपूर्व सफलता के बाद अब यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पहली बार राजस्थान में आयोजित होगी।
इस अनूठी पहल का उद्देश्य राज्यभर की प्रतिभाशाली महिलाओं को अपनी पाक-कला प्रदर्शित करने का अवसर देना, उन्हें राज्यस्तरीय पहचान दिलाना तथा राजस्थान की समृद्ध खान-पान संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
प्रतियोगिता पूरी तरह से शुद्ध शाकाहारी व्यंजनों पर आधारित होगी। इसमें विशेष रूप से राजस्थान की पारंपरिक, विरासत और वर्षों से घरों में बनती आ रही रेसिपीज़ को प्राथमिकता दी जाएगी। दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्ज़ी, केर-सांगरी, बाजरे के पारंपरिक व्यंजन, मिठाइयाँ तथा अन्य हेरिटेज डिशेज़ जैसी स्थानीय पाक विरासत को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन व्यंजन के स्वाद, प्रस्तुति, मौलिकता, पारंपरिकता और उसकी सांस्कृतिक विरासत के आधार पर किया जाएगा।
इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए उमंग टुडेज़ विमेन की ट्रस्टी एवं चीफ कम्युनिटी ऑफिसर निकिता ने कहा, किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान केवल एक कुकिंग प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जिनके हाथों का स्वाद वर्षों से परिवारों की पहचान रहा है। हमारा उद्देश्य राजस्थान की पारंपरिक पाक विरासत को सम्मान देना और ऐसी प्रतिभाशाली महिलाओं को राज्यस्तरीय पहचान दिलाना है, जो अपने हुनर के दम पर नई मिसाल कायम करना चाहती हैं।
हमें विश्वास है कि यह मंच महिलाओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान देगा और राजस्थान की समृद्ध खान-पान संस्कृति को और अधिक गौरव दिलाएगा।
प्रतियोगिता के ऑडिशन जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर सहित राजस्थान के प्रमुख शहरों में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक प्रतिभागी अपने घर पर तैयार किया गया व्यंजन लेकर आएंगी और विशेषज्ञ निर्णायकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी।
प्रत्येक शहर से शीर्ष 5 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद कुल 25 फाइनलिस्ट ग्रैंड फिनाले में किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान के प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
प्रतियोगिता की शीर्ष तीन विजेताओं को किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान का सम्मानजनक खिताब प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विजेता को ₹10,000 मूल्य के आकर्षक गिफ्ट हैम्पर से भी सम्मानित किया जाएगा।
हर मर्द में छिपी होती है ये 5 ख्वाहिशें
परिणीती का मस्त Style देखकर आप भी कहेंगे हाय!
बॉलीवुड डीवाज के फेवराइट बने झुमके