जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के नए अध्यक्ष चुने गए

By: Team Aapkisaheli | Posted: 20 Jan, 2020

जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के नए अध्यक्ष चुने गए
नई दिल्ली। जगत प्रकाश नड्डा या जे.पी. नड्डा सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए अध्यक्ष चुन लिए गए। उन्हें तीन वर्षो के लिए भाजपा का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने लंबे समय से पार्टी की कमान संभाल रहे अमित शाह का स्थान लिया है। नड्डा अभी तक भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भरोसेमंद जे.पी नड्डा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गए। वह पार्टी के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। नड्डा के नाम की घोषणा भाजपा के चुनाव अधिकारी राधामोहन सिंह ने की।

अध्यक्ष की घोषणा करते हुए राधा मोहन सिंह ने कहा, जे.पी. नड्डा को 2019-2020, 2020-21 और 2021-22 के लिए अध्यक्ष चुना जाता है।

नड्डा के समर्थन में 21 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने नामांकन-पत्र चुनाव अधिकारी राधामोहन सिंह के पास जमा किया। जिन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने नड्डा के समर्थन में नामांकन-पत्र प्रस्तुत किया, उनमें दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्य शामिल हैं।

भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्यों के आलाव भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और अमित शाह की ओर से जे.पी. नड्डा के समर्थन में प्रस्ताव पेश किया गया। साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की तरफ से भी प्रस्ताव दिया गया।

पार्टी दफ्तर में नामांकन के वक्त अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। चुनाव प्रबंधन की रणनीति में माहिर माने जाने वाले जे.पी नड्डा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में स्वास्थ्य जैसा अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत की सफलता का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है। पिछले करीब आठ महीनों से कार्यकारी अध्यक्ष का कामकाज संभाल रहे नड्डा ने पार्टी के अंदर कई जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाया है। अब वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा की कमान संभाल रहे हैं। (आईएएनएस)

परिणीती का मस्त Style देखकर आप भी कहेंगे हाय!

सोनाक्षी के बोल्ड लुक्स देखकर हैरान हो जाएंगे आप!

क्या देखा अपने: दिव्यांका त्रिपाठी का ये नया अदांज


Mixed Bag

Ifairer


Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0