खामोशी का जहर: आखिर क्यों बिना किसी बड़े झगड़े के भी टूटने लगते हैं मजबूत रिश्ते और क्या हैं इसके शुरुआती संकेत
By: Team Aapkisaheli | Posted: 12 Oct, 2026
रिश्तों में दूरियां कब और कैसे दस्तक देती हैं इस बात का अंदाजा अक्सर पार्टनर को तब तक नहीं होता जब तक हालात काफी दूर तक नहीं जा चुके होते। बहुत से लोग सोचते हैं कि ब्रेकअप की वजह सिर्फ कोई बड़ा धोखा या गंभीर विवाद ही होता है लेकिन सच तो यह है कि रिश्ते ज्यादातर छोटी-छोटी अनदेखी आदतों और खामोशी की वजह से अंदर से खोखले होते चले जाते हैं।
जब दो लोग एक-दूसरे के साथ होते हुए भी मानसिक रूप से दूर होने लगते हैं तो उनके बीच कुछ खास बदलाव चुपचाप आने लगते हैं। आज हम ऐसे ही कुछ बेहद खास और छुपे हुए संकेतों पर बात कर रहे हैं जिन्हें समय रहते समझ लेना बेहद जरूरी है।
दिल की बातें और दिनभर के छोटे किस्से शेयर करना बंद हो जाना
शुरुआत में पार्टनर अपने दिन की छोटी से छोटी और बेतुकी बातें भी एक-दूसरे को बड़े चाव से बताते हैं। कौन सी बात पर हंसी आई रास्ते में क्या देखा या ऑफिस में क्या हुआ ये सारी बातें दोनों को आपस में जोड़े रखती हैं। लेकिन जब रिश्ता कमजोर होने लगता है तो ये छोटी बातें धीरे-धीरे गायब होने लगती हैं। बातचीत सिर्फ जरूरी और औपचारिक मुद्दों जैसे घर का खर्च प्लानिंग या जिम्मेदारियों तक ही सिमटकर रह जाती है। दिल का कनेक्शन टूटने की यह सबसे पहली और बड़ी खामोश शुरुआत होती है।
छोटी-छोटी लड़ाइयों के बाद सुलह की पहल खत्म हो जाना
किसी भी स्वस्थ रिश्ते में अनबन या नोकझोंक होना बिल्कुल सामान्य बात है। असली मुद्दा यह नहीं है कि झगड़ा हुआ या नहीं, बल्कि यह है कि उस झगड़े के बाद मामला सुलझता कैसे है। एक वक्त था जब एक छोटी सी मुस्कान सॉरी या गले लग जाने से सारी नाराजगी पलभर में छूमंतर हो जाती थी। लेकिन जब दूरियां बढ़ने लगती हैं तो कपल्स बहस के बाद चीजों को ठीक करने की कोशिश करना ही छोड़ देते हैं। झगड़े अब किसी नतीजे पर खत्म होने के बजाय लंबी और चुभने वाली खामोशी में बदल जाते हैं।
एक-दूसरे की भावनाओं और नजरिए को समझने की कोशिश छोड़ देना
रिश्ते में असहमति होना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टनर के नजरिए को समझने की इच्छा हमेशा बनी रहनी चाहिए। जब रिश्ता टूटने की कगार पर होता है तो इंसान सामने वाले की बात को समझने के बजाय बस अपनी बात मनवाने या बहस जीतने की सोचने लगता है। भावनाओं की कद्र कम होने लगती है और एक-दूसरे के अनुभवों में कोई दिलचस्पी नहीं रह जाती। यह भावनात्मक दूरी रिश्ते को अंदर से दीमक की तरह चाट लेती है।
अगर आपके या आपके किसी अपने के रिश्ते में भी ऐसे संकेत दिखाई दे रहे हैं तो इन्हें नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते खुलकर बात करें और एक-दूसरे को समझने की फिर से कोशिश करें।
हेमलता शर्मा जयपुर
#हर मर्द में छिपी होती है ये 5 ख्वाहिशें