फीफा विश्व कप : स्पेन ने आस्ट्रेलिया को 3-0 से हरा ली सम्मानजनक विदाई
By: Team Aapkisaheli | Posted: 24 Jun, 2014

कूरीतिबा (ब्राजील)। स्पेन ने फीफा विश्व कप-2014 में अपने निराशानजक शुरूआती प्रदर्शन से उबरते हुए सोमवार को एरेना डा बाक्साडा स्टेडियम में हुए अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में आस्ट्रेलिया को 3-0 से हराकर विश्व कप से सम्मानजनक विदाई ली।
दोनों ही टीमों के लिए यह मैच सिर्फ कोरमपूर्ति थी, क्योंकि दोनों ही टीमें ग्रुप-बी में अपने-अपने शुरूआती दोनों मैच हारकर पहले ही विश्व कप से बाहर हो चुकी हैं।
विसेंट डेल बोस्क की मौजूदा चैम्पियन टीम सोमवार को जब आस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरी तो उसे पता था इस मैच में जीत का उसके विश्व कप अभियान पर कोई असर नहीं प़डेगा, लेकिन यह मैच जीतकर न सिर्फ वे अपना सम्मान बचा सकेंगे बल्कि ग्रुप-बी में सबसे निचले पायदान पर जाने से भी बच जाएंगे।
इस मैच में अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे डेविड विला, फर्नांडो टोरेस और स्थानापन्न के रूप में मैच के 56वें मिनट में बुलाए गए जुआन माटा ने स्पेन के लिए ब्राजील विश्व कप में अपने-अपने आखिरी गोल किए।
स्पेन की टीम अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं थी, बावजूद इसके उन्होंने एक आसान और विश्वास भरी जीत हासिल की। स्पेन ने धीमी शुरूआत से उबरते हुए मध्यांतर से नौ मिनट पहले 36वें मिनट में पहला गोल किया। विला ने जुआनफ्रान से मिले पास पर गोल के काफी नजदीक से पूरे नियंत्रण एवं विश्वास के साथ यह गोल किया।
स्पेन के लिए अपना 100वां मैच खेल रहे दिग्गज खिल़ाडी आंद्रेस इनिएस्ता ने टोरेस को बहुत खूबसूरत पास दिया, जिस पर टोरेस ने मैच के 69वें मिनट में दूसरा गोल किया। इस गोल के साथ ही स्पेन ने आस्ट्रेलिया पर 2-0 की बढ़त ले ली।
विला के स्थानापन्न के रूप में आए माटा ने सेस्क फेब्रेगास के पास पर 82वें मिनट में स्पेन के लिए तीसरा गोल दाग दिया। विला मैन ऑफ द मैच रहे।
स्पेन ने इस मैच में कई परिवर्तन किए, जिसके तहत विला, टोरेस और गोलकीपर पेपे रीना को ब्राजील विश्व कप में पहला मैच खेलने का अवसर मिला। स्पेन के कप्तान इकेर कासिलास और डिएगो कोस्टा को आज के मैच से आराम दिया गया था।