फानी : ओडिशा में तेज तूफान व भारी बारिश का कहर

By: Team Aapkisaheli | Posted: 03 May, 2019

फानी : ओडिशा में तेज तूफान व भारी बारिश का कहर
भुवनेश्वर। चक्रवाती तूफान फानी ने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में दस्तक देने के पहले 200 किलोमीटर प्रतिघंटे की तेज रफ्तार से आगे बढ़ते हुए ओडिशा के कई जिलों में भारी तबाही मचा दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग लगातार इससे जुड़े अपडेट जारी कर रहा है।

फानी के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल के हवाईअड्डों को बंद कर दिया गया है। कई उड़ानें रद्द होने की वजह से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

12.30 बजे तक की जानकारी के अनुसार, गंजम, पुरी व जगतसिंहपुर जिलों में कई स्थानों पर 140-150 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पहुंचने वाले तूफान की गति बढक़र 165 किलामीटर प्रतिघंटा हो गई है।

खोरदा, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, धानकेनाल, भद्रक, बालासोर और नयागढ़ में भारी बारिश हो रही है।

इसके साथ ही 11 बजे से लेकर दोपहर के 2 बजे तक अंगुल, क्योंझर, मयूरभंज तथा आसपास के जिलों में 60-70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की संभावना है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, पुरी में कई घरों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही तेज रफ्तार हवा ने हजारों पेड़ों और बिजली के खंभों को उखाड़ फेंका है।

नौसेना, वायुसेना और थलसेना हालात पर कड़ी निगरानी रखे हुई हैं।

एनडीआरएफ के शीर्ष अधिकारी जे.पी शर्मा ने मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमानों को सही बताते हुए समाचार चैनलों को बताया, ‘‘तूफान के आगे बढऩे के बाद उससे हुई हानि का जायजा लेने के बाद हमारा काम वास्तव में शुरू होगा।’’

उन्होंने कहा कि तूफान से हुए विनाश के सर्वेक्षण के लिए भारतीय नौसेना के टोही विमान पी 81 और डोर्नियर को काम में लगाया जाएगा।
 
चक्रवाती तूफान ने पुरी के पास के ओडिशा के तटीय क्षेत्र को सुबह 8 से 10 बजे के बीच में पार करना शुरू कर दिया था, हालांकि यह क्रम दोपहर 1 बजे तक जारी रहा।

तूफान ने कई जिलों में सडक़ और बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया है।

विशेष राहत आयुक्त विष्णुपद सेठी ने कहा कि उन्हें पेड़-पौधों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है, वहीं इस दौरान जानमाल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रपाड़ा के राजनगर ब्लॉक के देवेंद्रनारायणपुर में बनाए गए राहत शिविर में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौत की सूचना मिली है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

मौसम विभाग ने बताया कि तेज रफ्तार हवा के साथ ही राज्य में आगामी कुछ घंटों तक लगातार तेज बारिश होगी।

अधिकारियों ने बताया कि पुरी में समुद्र की स्थिति अशांत है। तटीय इलाकों से करीब 5 किलोमीटर दूर तक स्थान को खाली करवा दिया गया है। इसके साथ ही चांदीपुर में शांत रहने वाले समुद्र की स्थिति भी उग्र हो गई है।

ओडिशा में शुक्रवार को चक्रवात फानी को लेकर सावधानी के मद्देनजर बीते 24 घंटों में करीब 11 लाख लोगों को राज्य के कई जिलों से हटाया जा चुका है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। इसमें गंजम और पुरी के जिलों से क्रमश: 3 लाख और 1.3 लाख लोग सुरक्षित स्थान पर भेजे गए।

कई लोग हालांकि अपने घरों से बाहर नहीं जाना चाहते थे, जिससे निकासी के दौरान बचावकर्मियों को काफी मशक्क्त का सामना करना पड़ा।

वहीं, पुरी, पारादीप, भुवनेश्वर, गोपालपुर में गुरुवार रात से ही हल्की बारिश हो रही है।

174 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही तेज हवा ने चिल्का क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है।

तकरीबन 10 हजार ग्रामीण और 52 स्थानीय शहरी लोग इस चक्रवाती तूफान से प्रभावित हुए हैं।

राज्य सरकार ने लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

वहीं 11 तटीय जिलों में सभी दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, निजी व सरकारी दफ्तर बंद रहे।

(आईएएनएस)

परिणीती का मस्त Style देखकर आप भी कहेंगे हाय!

जानिए अपनी Girlfriend के बारे में 8 अनजानी बातें

क्या आप जानते हैं गर्म दूध पीने के ये 7 फायदे


Mixed Bag

Ifairer


Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0