मुश्किल दौर में सेलिना जेटली को मिला फौजी बहन का साथ, अभिनेत्री लिखा- एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूं

By: Team Aapkisaheli | Posted: 25 Feb, 2026

मुश्किल दौर में सेलिना जेटली को मिला फौजी बहन का साथ, अभिनेत्री लिखा- एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूं
मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सेलिना जेटली के भाई, रिटायर्ड मेजर विक्रांत कुमार जेटली, पिछले कुछ सालों से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हिरासत में हैं। अभिनेत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट के जरिए फौजी परिवार की बहन से मिले प्यार और स्नेह का जिक्र किया। 

अभिनेत्री सेलिना जेटली ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे स्टोन ग्रे रंग की कांथा साड़ी पहने हुए हैं। साड़ी पर तोते की खूबसूरत कढ़ाई बनी हुई है। सेलिना ने भौजी परिवार की महिलाओं के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए लिखा, एक फौजी बहन का स्नेह। जिंदगी की भागदौड़ में मैं भूल गई थी कि बहन से साड़ी लेना और उसे पहनना कैसा होता है। एक फौजी ने मुझे साड़ी भेंट देने के साथ-साथ मुझे पहनाई, साड़ी की पिन लगाई, प्लीट्स बनाई और ऐसे ओढ़ाई जैसे सुरक्षा में लपेट रही हैं। 

सेलिना ने आगे लिखा, साथ ही, उन्होंने मुझे चूड़ी पहनाई, कान की बाली ठीक की, फोटो खींची, पल्लू सही किया और माथे पर बिंदी लगाई। इन छोटे-छोटे कामों से मुझे एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूं। यह साड़ी उन्होंने अपने पति की बंगाल पोस्टिंग के दौरान ली थी। 

अभिनेत्री ने इस पल को अपने बचपन से जोड़ा। उन्होंने लिखा, ये सब देखकर मुझे अपने बचपन की याद आ गई, जब मेरी मां प्यार से कांथा साड़ी निकालकर पहना करती थीं। वह सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि प्यार और गर्व का एहसास हुआ करता था। काफी समय बाद ऐसा सुकून फिर से महसूस हुआ। अभिनेत्री ने बताया कि वे कुमाऊंनी हैं। उनके अंदर ताकत नंदा देवी की कृपा और पहाड़ों की गोद से मिली है। 

अभिनेत्री ने लिखा, कभी-कभी सुकून चुपचाप आता है। साड़ी की प्लेट्स में, चूड़ियों में और बहन के प्यार में। इस एहसास में कि अपनों के साए में अभी भी सुरक्षित हैं। लव यू, समीरा। बता दें कि अभिनेत्री एक फौजी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता, कर्नल विक्रम कुमार जेटली, एक पंजाबी हिंदू और भारतीय सेना अधिकारी थे, जबकि उनकी मां, मीता, एक अफगान हिंदू और सेना की नर्स थीं। उनके भाई, विक्रांत जेटली, भी एक रिटायर्ड मेजर हैं, जो अभी इस समय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हिरासत में हैं। -आईएएनएस

आलिया भट्ट की कातिल अंदाज देखकर दंग रहे जाऐंगे आप

बॉलीवुड सेलिब्रिटीज सफेद रंग के लिबास में

5 कमाल के लाभ बाई करवट सोने के...


Mixed Bag

Ifairer