सोने की सही दिशा बदल सकती है आपकी किस्मत, क्या आप भी कर रहे हैं उत्तर दिशा की ओर सिर करने की बड़ी भूल
By: Team Aapkisaheli | Posted: 04 Apr, 2026
क्या आप जानते हैं कि आपके बेडरूम का वास्तु और आपके सोने का तरीका आपकी सफलता और सेहत के बीच की सबसे बड़ी कड़ी हो सकता है। अक्सर हम रात भर सोने के बाद भी थकान महसूस करते हैं या घर में कलह और आर्थिक तंगी का सामना करते हैं।
विष्णु पुराण और पद्म पुराण जैसे प्राचीन ग्रंथों के अनुसार इसका सीधा संबंध आपके शयन कौशल यानी सोने की दिशा से है। आइए, जानते हैं वास्तु के वे गुप्त नियम जो आपके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर सकते हैं।
पूर्व दिशा सूर्य की ऊर्जा और बौद्धिक विकासः वास्तु शास्त्र में पूर्व दिशा को ऊर्जा का मुख्य स्रोत माना गया है। यदि आप छात्र हैं या किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो पूर्व की ओर सिर करके सोना आपके लिए वरदान साबित हो सकता है। इससे याददाश्त तेज होती है और एकाग्रता बढ़ती है। सूर्य देव की ओर सिर रखने से वैचारिक शुद्धता आती है और बुद्धि प्रखर होती है।
दक्षिण दिशा सुख समृद्धि का चुंबकीय द्वारः अक्सर लोग दक्षिण दिशा को लेकर संशय में रहते हैं। लेकिन वास्तु के अनुसार दक्षिण की ओर सिर और उत्तर की ओर पैर करके सोना सबसे उत्तम है। शास्त्रों का मत है कि इस दिशा में सोने से कुबेर देव की कृपा बनी रहती है और घर में सुख संपत्ति आती है। वैज्ञानिक रूप से भी पृथ्वी के चुंबकीय प्रवाह के साथ तालमेल बैठने के कारण यह दिशा गहरी नींद और हृदय के स्वास्थ्य के लिए सर्वोत्तम है जिससे आयु बढ़ती है।
सावधान उत्तर दिशा है नकारात्मकता का केंद्रः शास्त्रों में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि सोते समय कभी भी सिर उत्तर की ओर नहीं होना चाहिए। उत्तर की ओर सिर रखकर सोने से रक्तचाप और मानसिक अशांति पैदा हो सकती है। इसे रोगों को न्योता देने वाली दिशा माना गया है जो शरीर की सकारात्मक ऊर्जा को सोख लेती है। इस स्थिति में सोने से अनिद्रा और डरावने सपनों की समस्या भी बढ़ सकती है।
पश्चिम दिशा अधूरी इच्छाएं और बेचैनीः पश्चिम दिशा में सिर रखकर सोना मध्यम फलदायी माना गया है। लेकिन वास्तु इसे पूरी तरह सही नहीं मानता। इस दिशा में सिर रखने का अर्थ है सूर्य देव की ओर पैर करना, जो शास्त्र सम्मत नहीं है। इससे मान सम्मान में कमी और मन में निरंतर बेचैनी बनी रह सकती है।
वास्तु टिप्स झटपट अपनाएं ये बदलावः सुनिश्चित करें कि आपका बेड दीवार से सटा हो ताकि सोते समय एक सुरक्षात्मक ऊर्जा बनी रहे। बिस्तर के नीचे कबाड़ या जूते चप्पल न रखें, यह दोष को बढ़ाता है। सोते समय बेडरूम में बहुत तेज रोशनी के बजाय हल्की रोशनी का प्रयोग करें।
आपकी एक छोटी सी सावधानीः
सिर्फ तकिया सही दिशा में रखना आपके करियर स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है तो आज ही अपनी दिशा बदलें और खुद फर्क महसूस करें।
#सोनाक्षी के बोल्ड लुक्स देखकर हैरान हो जाएंगे आप!