Fashion Funda : कम हाइट वाली लड़कियों के लिए खास टिप्स, ये 5 फुटवियर आपको देंगे लंबा और स्टाइलिश लुक
By: Team Aapkisaheli | Posted: 26 Apr, 2026
जयपुर की स्टाइल एक्सपर्ट अनाया का कहना है कि कम हाइट वाली लड़कियों को अपनी लंबाई दिखाने के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। अक्सर लड़कियां सिर्फ हील्स को ही एकमात्र उपाय मानती हैं। लेकिन, अनाया बताती हैं कि सही डिजाइन और रंगों का स्मार्ट चुनाव करके आप अपनी पर्सनैलिटी में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। अगर आप भी अपने फुटवियर कलेक्शन को बेहतर बनाना चाहती हैं तो अनाया के बताए ये 5 विकल्प आपके बहुत काम आएंगे।
पहला सुझाव कुंदन वर्क वाली वैज सैंडल्स का है। अनाया के अनुसार अगर आप किसी शादी या बड़े फंक्शन में साड़ी या सूट पहन रही हैं, तो ये सैंडल्स सबसे आरामदायक और सुंदर लगती हैं। इनका सोल पीछे से ऊंचा और आगे से चौड़ा होता है जिससे आपके पैरों को पूरा सपोर्ट मिलता है और आप आसानी से काफी देर तक खड़ी रह सकती हैं।
दूसरा विकल्प है ओपन टो बैकस्ट्रैप हील्स। अगर आप जींस या वेस्टर्न ड्रेस पहन रही हैं तो अनाया इन्हें पहनने की सलाह देती हैं। आगे से खुले होने की वजह से ये पैरों को एक लंबा लुक देते हैं। ये स्टाइलिश होने के साथ साथ आपके पूरे पहनावे को एक मॉडर्न टच भी देते हैं।
लंबाई बढ़ाने का एक शानदार तरीका न्यूड या बेज कलर की हील्स पहनना है। अनाया बताती हैं कि ये रंग आपकी स्किन टोन के साथ मिल जाते हैं जिससे पैरों की लंबाई कटी हुई नहीं दिखती और आप लंबी नजर आती हैं। ब्लॉक हील्स होने की वजह से ये काफी आरामदायक भी होती हैं और आप इन्हें रोजाना के काम में भी पहन सकती हैं।
ऑफिस जाने वाली महिलाओं के लिए अनाया ओपन बैक ग्रे हील्स को बेहतरीन मानती हैं। ग्रे कलर हर तरह के प्रोफेशनल कपड़ों के साथ फिट बैठता है। इसका ओपन बैक डिजाइन आपको स्मार्ट दिखाने के साथ साथ पैरों को आराम भी देता है।
आखिरी विकल्प क्रिस क्रॉस पैटर्न वाली एंकल लूप हील्स का है। अनाया का कहना है कि किसी खास शाम या पार्टी के लिए मैरून या गहरे रंग की ये हील्स बहुत अट्रैक्टिव लगती हैं। एंकल लूप से पैरों को अच्छी पकड़ मिलती है और क्रिस क्रॉस डिजाइन आपके पैरों को स्लिम और लंबा दिखाने में मदद करता है।
अनाया के इन सुझावों को अपनाकर आप न सिर्फ अपनी हाइट बढ़ा सकती हैं बल्कि हर मौके पर भीड़ से अलग और स्टाइलिश भी दिख सकती हैं। सैंडल खरीदते समय बस इस बात का ध्यान रखें कि वह दिखने में जितनी सुंदर हो पहनने में उतनी ही आरामदायक भी हो।
- हेमलता शर्मा, जयपुर
#7 कमाल के टिप्स: ऎसे संवारे लडके अपनी त्वचा...