Parenting : माता-पिता की ये 4 आदतें अनजाने में बच्चे को बना रही हैं जिद्दी
By: Team Aapkisaheli | Posted: 28 May, 2026
आज के समय में हर पेरेंट्स अपने बच्चे को आत्मनिर्भर और अच्छी आदतें सिखाना चाहते हैं। लेकिन कई बार माता-पिता अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो बच्चों के व्यवहार को नकारात्मक रूप से प्रभावित करती हैं। अगर आपका बच्चा बात-बात पर चिल्लाता है या आपकी बात नहीं सुनता तो इसके पीछे नीचे दी गई चार आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं।
जरूरत से ज्यादा विकल्प देना:
बच्चों को हर छोटी-बड़ी चीज़ में बहुत अधिक चॉइस देने से वे भ्रमित हो जाते हैं। इससे उन्हें हर जगह अपनी मर्जी चलाने की आदत पड़ जाती है। बाद में जब उन्हें अपनी पसंद की चीज नहीं मिलती तो वे उस स्थिति को संभाल नहीं पाते और जिद करने लगते हैं।
फिक्स रूटीन का न होना: जब बच्चों का कोई तय रूटीन नहीं होता, तो वे असुरक्षित महसूस करते हैं। ऐसे में पेरेंट्स जब अचानक उन्हें कोई काम करने को कहते हैं तो बच्चे उसका विरोध करते हैं। माता-पिता इसे जिद मान लेते हैं जबकि यह असल में बच्चे का कन्फ्यूजन होता है।
बार-बार एक ही बात बोलना:
किसी भी निर्देश को बार-बार दोहराने से बच्चे समझ जाते हैं कि पहली या दूसरी बार में बात मानने की कोई जरूरत नहीं है। वे तब तक इंतजार करते हैं जब तक पेरेंट्स गुस्सा न हो जाएं। यह आदत बच्चों को बात टालने की ट्रेनिंग देती है।
मना करने के बाद भी मांग पूरी करना:
अक्सर पेरेंट्स किसी चीज़ के लिए पहले ना कहते हैं लेकिन बच्चे के रोने या तमाशा करने पर शर्मिंदगी से बचने के लिए उसकी बात मान लेते हैं। इससे बच्चा समझ जाता है कि रोना और जिद करना अपनी बात मनवाने का सबसे आसान हथियार है।
समस्या का समाधान: बच्चों की इस जिद्दी आदत को सुधारने के लिए माता-पिता को अपने व्यवहार में थोड़ा बदलाव करना होगा। सबसे पहले बच्चों के सोने जागने पढ़ने और खेलने का एक फिक्स रूटीन बनाएं ताकि वे मानसिक रूप से तैयार रहें। किसी भी काम के लिए उन्हें बहुत सारे विकल्प देने के बजाय केवल दो सीमित विकल्प दें।
सबसे जरूरी बात यह है कि अगर आपने किसी चीज के लिए एक बार ना कह दिया है तो बच्चे के रोने या गुस्सा होने पर भी अपनी बात पर टिके रहें। जब बच्चे को समझ आ जाएगा कि जिद करने से उसकी मांग पूरी नहीं होगी तो वह धीरे-धीरे जिद करना छोड़ देगा।
-हेमलता शर्मा, जयपुर
#महिलाओं के शरीर पर तिल,आइये जानते हैं इसके राज