Home Decor : पत्थरों से सजाएं अपना आशियाना, बेकार पड़े स्टोन को इन तरीकों से दें आर्टिस्टिक लुक
By: Team Aapkisaheli | Posted: 21 Apr, 2026
घर के आसपास या गार्डन में पड़े साधारण पत्थरों को अक्सर हम नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन थोड़ी सी रचनात्मकता और रंगों के इस्तेमाल से इन्हें शानदार डेकोर पीस में बदला जा सकता है। पेंट और कलाकारी की मदद से ये पत्थर न केवल आपके बगीचे की रौनक बढ़ा सकते हैं बल्कि घर के इंटीरियर को भी एक नया और आधुनिक लुक दे सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही क्रिएटिव तरीके जिनसे आप इन पत्थरों का पुन: उपयोग कर सकते हैं।
बगीचे के लिए कलरफुल टच: अगर आप अपने गार्डन को एक जीवंत रूप देना चाहते हैं तो पत्थरों पर अलग-अलग रंगों से बारीक डिजाइन बनाएं। इन रंग-बिरंगे पत्थरों को क्यारियों के किनारे या पौधों के गमलों के पास रखने से मिट्टी की नमी भी बनी रहती है और गार्डन देखने में बहुत ही आकर्षक लगता है।
बच्चों के लिए तैयार करें प्यारे खिलौने: पत्थरों की बनावट का फायदा उठाकर आप बच्चों के लिए छोटे खिलौने तैयार कर सकते हैं। गोल या अंडाकार पत्थरों को जोड़कर आप रंगीन इल्लियां यानी कैटरपिलर बना सकते हैं या फिर उन्हें टमाटर बैंगन जैसी सब्जियों का आकार देकर पेंट कर सकते हैं। यह बच्चों के कमरे के लिए एक बेहतरीन सजावटी सामान साबित हो सकता है।
खूबसूरत स्माइलीज और इमोजी: पत्थरों पर चेहरे के अलग-अलग भाव उकेरना एक मजेदार काम है। गोल पत्थरों को बेस बनाकर उन पर सफेद काले और लाल रंगों से मुस्कुराते हुए चेहरे बनाएं। इन स्माइलीज को आप घर के किसी खाली कोने या स्टडी टेबल पर रख सकते हैं जिससे आसपास का वातावरण खुशनुमा बना रहता है।
स्टाइलिश स्टोन प्लांटर: बाजार से महंगे गमले खरीदने के बजाय आप पुराने प्लास्टिक डिब्बों या मिट्टी के पॉट्स पर छोटे-बड़े पत्थरों को चिपका कर एक नया प्लांटर तैयार कर सकते हैं। पत्थरों को अलग-अलग दिशाओं में लगाकर उन्हें मनचाहा रंग दें। इसमें लगाए गए इंडोर प्लांट्स आपके घर की सुंदरता में चार चांद लगा देंगे।
आधुनिक वॉल क्लॉक और कैंडल होल्डर: अपनी पुरानी और साधारण सी दिखने वाली दीवार घड़ी को नया रूप देने के लिए उसके चारों ओर काले रंग से पेंट किए हुए पत्थर लगाएं। इससे घड़ी को एक एस्थेटिक और मॉडर्न लुक मिलता है। इसी तरह किसी चकोर बॉक्स पर पत्थरों को चिपका कर बीच में जगह छोड़ दें और वहां मोमबत्ती रखें। यह हस्तनिर्मित कैंडल होल्डर शाम के समय आपके घर को एक सुकून भरी रोशनी से भर देगा।
मेज के लिए उपयोगी कोस्टर: छोटे और चपटे पत्थरों को सैंडपेपर से घिसकर एक समान कर लें। फिर इन्हें कार्डबोर्ड के टुकड़ों पर मजबूती से चिपका कर चाय या कॉफी के कप रखने के लिए कोस्टर के रूप में इस्तेमाल करें। यह डाइनिंग टेबल या सेंटर टेबल को एक नेचुरल और क्लासी लुक देता है।
- हेमलता शर्मा, जयपुर
#परिणीती का मस्त Style देखकर आप भी कहेंगे हाय!