Home Decor :कचरे से सजावट पेंसिल के छिलकों से खिल उठेगा आपका घर, अपनाएं ये 6 आसान तरीके
By: Team Aapkisaheli | Posted: 18 Apr, 2026
अक्सर बच्चे जब पेंसिल छीलते हैं तो हम उस कूड़े को तुरंत साफ कर देते हैं। लेकिन ये छोटे-छोटे घुमावदार छिलके आपके घर को एक आर्ट गैलरी जैसा लुक दे सकते हैं। अगर आप भी अपने आशियाने को कुछ हटकर सजाना चाहते हैं तो इन आइडियाज को जरूर आजमाएं।
फोटो फ्रेम की चमक बढ़ाएंः साधारण से दिखने वाले फोटो फ्रेम पर किनारे-किनारे इन छिलकों को चिपका दें। यह आपके यादगार पलों को एक बहुत ही सुंदर और नेचुरल बॉर्डर देगा।
पुराने गमलों का मेकओवरः अगर आपके घर के गमले पुराने और फीके पड़ गए हैं, तो उनके ऊपर पेंसिल के छिलके और कुछ रंगीन मोती चिपका दें। इससे आपके पौधे और भी ज्यादा सुंदर नजर आएंगे।
खाली बोतलों का जादूः कांच की खाली बोतलों या जार को फेंकने के बजाय, उनमें अलग-अलग रंगों के छिलके भर दें। इसे आप अपनी मेज या बुक शेल्फ पर सजा सकते हैं। यह एक मॉडर्न शो-पीस की तरह लगता है।
दीवार पर बनाएं फूलों की पेंटिंगः एक सादे कागज पर पेंसिल के छिलकों को फूलों की पंखुड़ियों की तरह चिपकाएं। इसे फ्रेम करवाकर दीवार पर लगाएं। यकीन मानिए इसे देखकर कोई नहीं कह पाएगा कि इसे आपने घर पर बेकार सामान से बनाया है।
डिजाइनर मोमबत्ती स्टैंडः सादे कैंडल होल्डर पर इन छिलकों की एक परत चढ़ा दें। जब आप इसमें मोमबत्ती जलाएंगे तो इसकी बनावट बहुत ही कमाल की दिखेगी।
कलात्मक दीवार वॉल आर्टः आप चाहें तो सीधे दीवार के एक छोटे हिस्से पर इन छिलकों से त्रिकोण या गोल जैसे अलग-अलग डिजाइन बना सकते हैं। यह आपके कमरे को एक नया और स्टाइलिश लुक देगा। इन चीजों को बनाने में बच्चों को भी शामिल करें। इससे उनका मनोरंजन भी होगा और वे चीजों को रिसाइकिल करना भी सीखेंगे। बस थोड़ा सा ग्लू और ढेर सारे छिलके और आपका घर सजने के लिए तैयार है।
- हेमलता शर्मा, जयपुर
# जानें किस राशि की लडकी का दिल जितना है आसान!