रीमा लांबा से मल्लिका शेरावत बनने की कहानी, पिता बोले-नाम खराब करेगी तो उनका छोड़ मां के सरनेम अपनाकर बनाई पहचान

By: Team Aapkisaheli | Posted: 23 Oct, 2026

रीमा लांबा से मल्लिका शेरावत बनने की कहानी, पिता बोले-नाम खराब करेगी तो उनका छोड़ मां के सरनेम अपनाकर बनाई पहचान

बॉलीवुड डेस्क। मुंबई 

बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत का नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की उन अभिनेत्रियों में शामिल है, जिन्होंने अपनी अलग पहचान बनाने के लिए न सिर्फ पर्दे पर नए तरह के किरदार चुने, बल्कि निजी जिंदगी में भी कई मुश्किल फैसले किए। फिल्मों में आने के बाद उन्होंने अपना नाम बदला। वह खुद अलग-अलग इंटरव्यू में बताती रही है कि उनके नाम के पीछे उनकी मां का साथ, परिवार की सोच और अपनी पहचान बनाने की इच्छा जुड़ी हुई है। 

मल्लिका का जन्म 24 अक्टूबर 1976 को हरियाणा में हुआ था। उनका असली नाम रीमा लांबा है। उन्होंने 2021 में दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता नहीं चाहते थे कि वह फिल्मों में काम करें। उनको लगता था कि फिल्मों में जाने से परिवार का नाम खराब होगा, इसलिए उन्होंने उन्हें परिवार से अलग करने की बात तक कह दी थी। मल्लिका शेरावत ने इस घटना को अपनी जिंदगी का अहम मोड़ बताया था। 

उन्होंने कहा था कि जब पिता ने उन्हें परिवार का नाम खराब करने की बात कही, तो उन्होंने भी उनके सरनेम को इस्तेमाल न करने का फैसला किया और अपने पिता का सरनेम इस्तेमाल करने के बजाय अपनी मां का सरनेम अपनाया। उन्होंने 2005 में एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म इंडस्ट्री में उस समय रीमा नाम की कई अभिनेत्रियां थीं। वह ऐसा नाम चाहती थीं, जिससे उनकी अपनी अलग पहचान बने। उन्हें मल्लिका नाम पसंद आया। उन्होंने बताया था कि इस नाम का अर्थ महारानी होता है। वहीं, शेरावत उनकी मां का नाम था। 

मल्लिका ने कहा कि उनकी मां हमेशा चुपचाप उनका साथ देती थीं और मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी रहती थीं। इसलिए मां के नाम को अपनाना उनके लिए एक तरह से उन्हें सम्मान देने जैसा था। मल्लिका ने अपने करियर की शुरुआत 2002 में आई फिल्म जीना सिर्फ मेरे लिए से की थी। इसके बाद 2003 में फिल्म ख्वाहिश में वह मुख्य भूमिका में नजर आईं। हालांकि, उन्हें देशभर में बड़ी पहचान 2004 में आई फिल्म मर्डर से मिली। 

इमरान हाशमी के साथ इस फिल्म में उनके बोल्ड किरदार की काफी चर्चा हुई। इस पहचान के साथ उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। मल्लिका शेरावत ने हिंदी फिल्मों के अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी काम किया। वह जैकी चैन के साथ फिल्म द मिथ में नजर आईं। प्यार के साइड इफेक्ट्स, वेलकम और डबल धमाल जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया। उनका करियर कई उतार-चढ़ाव से गुजरा, लेकिन उन्होंने अपनी अलग स्क्रीन पहचान बनाए रखी। -आईएएनएस

क्या आप जानते हैं गर्म दूध पीने के ये 7 फायदे

उफ्फ्फ! दीपिका का इतने हसीन जलवे कवर पेज पर...

परिणीती का मस्त Style देखकर आप भी कहेंगे हाय!


Mixed Bag

Ifairer