आसान अभिनय काफी कर चुकी, अब खुद को बेहतर साबित करना है : पलक तिवारी
By: Team Aapkisaheli | Posted: 07 May, 2026

बॉलीवुड डेस्क। मुंबई टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी ने बहुत कम समय में मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना ली है। बॉलीवुड में कदम रखने के बाद से ही पलक लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। अब वह ऐसे रोल चुनना चाहती हैं जो उन्हें एक अभिनेत्री के तौर पर चुनौती दें और उनके अभिनय की असली क्षमता सामने लाएं।
इस बीच पलक तिवारी ने एक इंटरव्यू में अपनी आने वाली ओटीटी सीरीज लुक्खे को लेकर बात की और बताया कि आखिर इस प्रोजेक्ट ने उन्हें इतना प्रभावित क्यों किया।
पलक तिवारी ने बताया कि उन्हें अब ऐसे किरदारों की तलाश है, जिनमें अभिनय की गहराई हो।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, मैं अब तक आसान अभिनय काफी कर चुकी हूं। अब खुद को एक मजबूत कलाकार के तौर पर बेहतर साबित करना चाहती हूं। यही वजह है कि मैंने लुक्खे जैसी गंभीर और भावनात्मक कहानी को चुना।
पलक ने कहा, इस सीरीज के ऑडिशन के दौरान मुझे कहानी या अपने किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई थी। मुझे सिर्फ दो-तीन सीन्स पढ़ने के लिए दिए गए थे। लेकिन उन सीन्स को पढ़ते ही मैं इमोशनल हो गईं। एक सीन ऐसा था, जिसे पढ़ते समय मेरी आंखों में आंसू आ गए। खास बात यह थी कि उस समय मुझे पूरी कहानी का कॉन्सेप्ट भी नहीं पता था, फिर भी मैं उससे गहराई से जुड़ गईं।
अभिनेत्री ने कहा, किसी कलाकार के लिए वो एहसास बेहद खास होता है, जब कोई कहानी सीधे दिल को छू जाए। कई बार कलाकार स्क्रिप्ट पढ़ते हैं, लेकिन भावनात्मक रूप से उससे जुड़ नहीं पाते। हालांकि, लुक्खे की कहानी ने मुझे अंदर तक प्रभावित किया। उसी समय मैंने तय कर लिया था कि मुझे किसी भी तरह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना है।
पलक ने कहा, जब कोई अभिनेता खुद कहानी की भावनाओं को महसूस करता है, तो अभिनय करना कहीं ज्यादा आसान हो जाता है। इस सीरीज ने मुझे कुछ नया और अलग करने का मौका दिया। इस तरह का गंभीर और भावनात्मक ड्रामा करना हमेशा से मेरा सपना रहा है। मजबूत कहानी ही कलाकार को बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करती है।
पलक तिवारी ने बॉलीवुड में सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान से शुरुआत की थी। अब पलक जल्द ही ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। उनकी नई सीरीज लुक्खे में उनके साथ रैपर किंग, शिवांकित परिहार, लक्षवीर सिंह सरन और राशि खन्ना भी नजर आएंगे। लुक्खे 8 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है।
जानिये, दही जमाने की आसान विधि
वक्ष का मनचाहा आकार पाएं
सावधान! रसोई में रखी ये 5 चीजें, बन सकती है जहर!