WPL : गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से रौंदकर लगातार चौथी बार फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स

By: Team Aapkisaheli | Posted: 03 Feb, 2026

WPL : गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से रौंदकर लगातार चौथी बार फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स
वडोदरा। दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ कैपिटल्स ने लगातार चौथी बार खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां 5 फरवरी को उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा। 

डब्ल्यूपीएल 2023 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अगले साल इस टीम ने फिर से फाइनल में जगह बनाई, लेकिन इस बार आरसीबी ने बाजी मार ली। साल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के हाथों एक बार फिर खिताबी मैच गंवाना पड़ा था। 

वडोदरा में खेले गए एलिमिनेटर मैच में टॉस गंवाकर बल्लबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इस टीम ने 59 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जहां से सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। 

वेयरहैम 25 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मूनी ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 51 गेंदों में 6 चौकों के साथ 62 रन की नाबाद पारी खेली। इनके अलावा, काशवी गौतम ने 10 गेंदों में 3 चौकों के साथ 18 रन जुटाए। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से चिनले हैनरी ने 35 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, एक विकेट मिन्नु मणि के हाथ लगा। 

इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम को लिजेल ली और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी ने 7.1 ओवरों में 89 रन जोड़े। लिजेल ली 24 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शेफाली ने 21 गेंदों में 7 चौकों के साथ 31 रन जुटाए। कैपिटल्स 92 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी। 

यहां से कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 68 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। जेमिमा ने 23 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 41 रन बनाए, जबकि लौरा ने 24 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ नाबाद 32 रन बनाए। विपक्षी खेमे से जॉर्जिया ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। राजेश्वरी गायकवाड़ के हाथ 1 विकेट लगा। -आईएएनएस

बॉलीवुड डीवाज के फेवराइट बने झुमके

जानिए अपनी Girlfriend के बारे में 8 अनजानी बातें

गुलाबजल इतने लाभ जानकर, दंग रह जाएंगे आप...


Mixed Bag

Ifairer